ताजा खबर

कांग्रेस नेता के ऑफिस के बाहर नकाबपोशों ने की फायरिंग, दो घायल
29-Oct-2025 11:07 AM
कांग्रेस नेता के ऑफिस के बाहर नकाबपोशों ने की फायरिंग, दो घायल

पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों की तलाश के लिए नाकेबंदी की

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 29 अक्टूबर। जिले के मस्तूरी में मंगलवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नकाबपोश हमलावरों ने जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नितेश सिंह के निजी ऑफिस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अचानक हुए इस हमले में दो लोग चंद्रकांत सिंह ठाकुर और राजू ठाकुर  गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:45 बजे दो बाइक में सवार तीन से चार नकाबपोश युवक जनपद परिसर पहुंचे। बाइक रुकते ही पीछे बैठे दो लोगों ने उतरकर लगातार 10 से 12 राउंड गोलियां चला दीं। गोलियां पास बैठे लोगों को लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावर इसके बाद उसी बाइक से बिलासपुर की ओर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि गोलियां नितेश सिंह की ओर दागी गई थीं, लेकिन वे बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद कर उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि मस्तूरी और तोरवा क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी गई है। आसपास के थानों को अलर्ट पर रखा गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस प्रारंभिक तौर पर इस फायरिंग को पुरानी रंजिश या राजनीतिक विवाद से जोड़कर देख रही है। सूत्रों के अनुसार, कुछ वर्ष पूर्व नितेश सिंह और मोहतरा क्षेत्र के कुछ लोगों के बीच मैग्नेटो मॉल परिसर में विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। पुलिस को शक है कि यह हमला उसी विवाद की कड़ी हो सकता है।

हमले के बाद से मस्तूरी इलाके में तनाव का माहौल था। कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अस्पताल और थाने में जुट गए थे। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। वहीं, एसएसपी रजनेश सिंह सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए थे।


अन्य पोस्ट