ताजा खबर

मुंगेली में प्रचंड गर्मी, 47.6 डिग्री पहुंचा पारा, बिलासपुर का 5 साल पुराना रिकॉर्ड कायम
05-Jun-2022 10:20 AM
मुंगेली में प्रचंड गर्मी, 47.6 डिग्री पहुंचा पारा, बिलासपुर का 5 साल पुराना रिकॉर्ड कायम

बिलासपुर 5 जून। बिलासपुर से लगे मुंगेली जिले में शनिवार को रिकॉर्ड गर्मी दर्ज की गई। यहां पर तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। आज यहां तापमान अधिकतम 45 डिग्री और कल सोमवार 6 जून को  47 डिग्री के आसपास रहेगा।

गौरतलब है कि मुंगेली जिला अचानकमार अभयारण्य से सटा हुआ है, जहां सघन वन है। इसके बाद भी पूरे प्रदेश में शनिवार को यह सर्वाधिक गरम रहा। 

जून की शुरुआत में छत्तीसगढ़ का औसत तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। मुंगेली के कल का तापमान जून के महीने में सन् 1931, सन् 1988 और सन् 1995 को रिकॉर्ड किया गया था।

मुंगेली के अलावा जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और रायपुर में भी तेज गर्मी पड़ रही है। इन जगहों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा है। बिलासपुर में 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान शनिवार को दर्ज किया गया। दुर्ग में 44.6 और राजनांदगांव में भी 44 डिग्री सेल्सियस तापमान था। यह बाकी वर्षो के मुकाबले दो से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

यहां पर उल्लेखनीय है बिलासपुर में 22 मई 2017 को तापमान 49.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यह तापमान कुछ देर के लिए दोपहर 3 बजे रिकॉर्ड किया गया था। छत्तीसगढ़ के लगे राज्य ओडिशा और तेलंगाना में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया है।


अन्य पोस्ट