कोरबा

12 वर्षों में सेवा, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय लिखा गया-तोखन साहू
16-Jun-2026 6:38 PM
12 वर्षों में सेवा, सुशासन और जनकल्याण का नया अध्याय लिखा गया-तोखन साहू

केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर पत्रकार वार्ता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोरबा, 16 जून। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद तोखन साहू ने मंगलवार को कोरबा के प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में हिस्सा लिया। विश्वास, विकास और जनकल्याण के 12 वर्ष विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार की पिछले 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनहितकारी योजनाओं और विकसित भारत के लक्ष्य पर विस्तार से प्रकाश डाला।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया है कि उसकी योजनाओं और नीतियों का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसी सोच के कारण करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया और मुद्रा योजना जैसी योजनाओं ने देश के गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का सुरक्षा कवच प्रदान किया है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जन-धन योजना और डिजिटल इंडिया अभियान ने वित्तीय समावेशन को नई दिशा दी है। इसके परिणामस्वरूप भारत आज डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो चुका है।

उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित शासन व्यवस्था ने पारदर्शिता और जवाबदेही को भी मजबूत किया है।   उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और देश को आत्मनिर्भर तथा समृद्ध बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।


अन्य पोस्ट