कोरबा
कोरबा, 19 मई। कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में सोमवार रात सड़क हादसे के बाद भारी तनाव की स्थिति बन गई। जावली-चाकाबुड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो ग्रामीणों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में अरदा निवासी प्रकाश और चाकाबुड़ा निवासी बबलू हैं। बताया जा रहा है कि दोनों बाइक से अपने गांव की ओर जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें चपेट में ले लिया। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। हादसे से नाराज लोगों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि रात के समय इलाके में अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर और भारी वाहन तेज गति से दौड़ते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।
आक्रोशित ग्रामीण देर रात तक सड़क पर बैठे रहे। जाम रात करीब 12:30 बजे तक जारी रहा। स्थिति को संभालने के लिए बांकीमोंगरा, कुसमुंडा, दीपका थाना और सर्वमंगला चौकी की पुलिस मौके पर तैनात की गई।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति शांत कराने की कोशिश की। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


