कोण्डागांव
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
केशकाल, 15 मार्च। कोंडागांव जिले के बड़ेराजपुर ब्लॉक के विश्रामपुरी में भक्त माता कर्मा जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कर्मा मंदिर में सुबह विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। समाज के लोगों ने माता कर्मा का स्मरण करते हुए उनके बताए आदर्शों और शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर साहू समाज द्वारा ग्राम विश्रामपुरी में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भाग लिया। पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा और माता कर्मा के जयकारों से नगर गूंज उठा। कलश यात्रा के पश्चात सामाजिक भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को माता कर्मा की जीवन गाथा और उनके आदर्शों के बारे में विस्तार से बताया गया।
विश्रामपुरी परिक्षेत्र अध्यक्ष हेमलाल साहू ने कहा कि माता कर्मा के आदर्श समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और सभी को उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी एकता बनाए रखने और सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सरपंच पुष्पा चांदेकर, वरिष्ठ नागरिक किशन पांडे, संभु चांदेकर, मंगाऊ चक्रधारी, सोनसाय निषाद, साहू समाज अध्यक्ष हेमलाल साहू, भूतपूर्व जिला अध्यक्ष कृष्ण साहू, भूतपूर्व महासभा अध्यक्ष गजेन्द्र साहू, संयोजक महासभा महिला प्रकोष्ठ पूर्णिमा साहू सहित पांचों परिक्षेत्र पदाधिकारीगण समेत विश्रामपुरी आसपास के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए । जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत मे खिचड़ी प्रसाद भी वितरण किया गया।


