कोण्डागांव
एनर्जी के नाम पर बढ़ता ट्रेंड... क्या लोग बिना चेतावनी पढ़े कर रहे सेवन?
गर्भवती महिलाओं के लिए खुद कंपनी ने लिखा — ‘सेवन वर्जित’
प्रकाश नाग
केशकाल, 27 फरवरी (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। शहर से लेकर गांव तक इन दिनों एनर्जी ड्रिंक का के्रज तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। कभी बाजार में सबसे ज्यादा बिकने वाले शीतल पेय फेंटा, पेप्सी, माजा, मिरिंडा और स्प्राइट अब पीछे छूटते दिखाई दे रहे हैं, जबकि ‘स्टिंग’ एनर्जी ड्रिंक बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों तक की पहली पसंद बनता जा रहा है। छोटी दुकानों, पान ठेलों और बाजारों में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।
लेकिन इसी बीच एक महत्वपूर्ण तथ्य ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पेय की बोतल पर स्पष्ट चेतावनी लिखी गई है कि गर्भवती महिलाओं को इसका सेवन नहीं करना चाहिए, इसके बावजूद कई लोग बिना जानकारी और बिना लेबल पढ़े इसका नियमित उपयोग कर रहे हैं।
कैफीन और शुगर का मात्रा अधिक-स्वास्थ्य विशेषज्ञ
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एनर्जी ड्रिंक में कैफीन और शुगर की मात्रा सामान्य पेय पदार्थों की तुलना में अधिक होती है। अधिक मात्रा में सेवन करने से हृदय गति बढऩा, अनिद्रा, घबराहट, ब्लड प्रेशर बढऩा तथा पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। खासकर बच्चों, किशोरों और पहले से बीमार लोगों के लिए ऐसे पेय नुकसानदायक साबित हो सकते हैं।
खाद्य पदार्थों की नियमित हो जांच, खाद्य विभाग पर उठे सवाल
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई दुकानों में बिना उचित जांच-पड़ताल के पेय पदार्थ खुलेआम बेचे जा रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा समय-समय पर सैंपल जांच कराई जाए ताकि गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके और मिलावटी या निम्न स्तर के उत्पादों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
जानकारों का कहना है कि किसी भी खाद्य या पेय पदार्थ की बिक्री से पहले गुणवत्ता परीक्षण और लाइसेंस अनिवार्य होता है, लेकिन नियमित निरीक्षण नहीं होने से उपभोक्ताओं की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार में बिक रहे एनर्जी ड्रिंक की जांच कर रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
बोतल पर क्या लिखी है चेतावनी?
गर्भवती महिलाओं के लिए सेवन वर्जित
अधिक मात्रा में सेवन से बचने की सलाह
कैफीन युक्त पेय होने का उल्लेख
बच्चों के लिए सीमित सेवन की सलाह
क्यों तेजी से बढ़ रही लोकप्रियता?
कम कीमत और हर दुकान में उपलब्धता
तेज स्वाद और आकर्षक पैकेजिंग
‘इंस्टेंट एनर्जी’ का दावा
युवाओं में ट्रेंड और फैशन का हिस्सा
एक्सपर्ट राय
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार एनर्जी ड्रिंक में मौजूद कैफीन और अधिक शुगर शरीर पर तत्काल असर डाल सकते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि —ज्यादा सेवन से दिल की धडक़न तेज हो सकती है। नींद की समस्या और घबराहट बढ़ सकती है। ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है। गर्भवती महिलाओं के लिए जोखिम बढ़ सकता है । विशेषज्ञों का कहना है कि चेतावनी का उल्लेख स्वयं इस बात का संकेत है कि पेय का सेवन सभी के लिए सुरक्षित नहीं माना जाता।
जनता की राय
बच्चे इसे रोज पी रहे हैं, लेकिन किसी को इसके नुकसान की जानकारी नहीं है। — स्थानीय अभिभावक
एनर्जी के नाम पर लोग इसे सामान्य कोल्ड ड्रिंक समझ रहे हैं। — दुकानदार
सरकार को ऐसे पेय पर जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। — नागरिक
कार्रवाई पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार में तेजी से बढ़ रही खपत के बावजूद गुणवत्ता जांच और जागरूकता अभियान नजर नहीं आते। नागरिकों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से नियमित सैंपल जांच और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके।
सस्ती ड्रिंक सेवन करने से स्वास्थ्य के लिए खतरा, रहे सावधान
एनर्जी ड्रिंक का बढ़ता चलन बदलती जीवनशैली की पहचान जरूर है, लेकिन बोतल पर दी गई चेतावनियां यह संकेत देती हैं कि बिना जानकारी और अधिक मात्रा में सेवन स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है। जागरूकता और संतुलित उपयोग ही सुरक्षित विकल्प माना जा रहा है।


