अंतरराष्ट्रीय

बांग्लादेश - कथित गोलीबारी में बीजीबी ने भारतीय व्यक्ति को गोली मारी
30-Dec-2020 2:41 PM
बांग्लादेश - कथित गोलीबारी में बीजीबी ने भारतीय व्यक्ति को गोली मारी

सुमी खान 

ढाका, 30 दिसंबर  बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) और भारत के सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के बीच 51वें महानिदेशक-स्तरीय सीमा समन्वय सम्मेलन के समापन के कुछ दिन बाद ही बीजीबी के सदस्यों के साथ कथित गोलीबारी में एक भारतीय व्यक्ति की मौत हो गई।

एक बयान में, बीजीबी मयमेनसिंह सेक्टर 39 के बटालियन कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल तौहीद महमूद ने कहा, "मृतक की पहचान 48 वर्षीय डेबिट मोमीन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह भारत के गारो हिल्स का निवासी है।"

बीजीबी ने पुष्टि करते हुए आईएएनएस को बताया कि यह घटना सोमवार देर रात सूर्यपुर दुमलीकुरा सीमा के 1129-4एस के समीप नो मैन्स लैंड के पास हुई।

लेफ्टिनेंट कर्नल महमूद ने दावा किया कि तस्करों के एक समूह ने रात में हलुआघाट उपजिला सीमा में प्रवेश करने की कोशिश की।

जब बीजीबी ने उनकी पहचान पूछी, तो उन्होंने भागने की कोशिश की।

उसके बाद बीजीबी के सदस्यों ने उनका पीछा किया, तो उन्होंने तेजधार हथियारों से उनपर हमला किया।

आत्मरक्षा में, बीजीबी सदस्यों ने उन पर गोलीबारी की, जिससे भारतीय तस्कर की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना में बीजीबी का एक सदस्य भी घायल हो गया।

बीजीबी ने यह भी दावा किया है कि गोलीबारी तब हुई, जब तस्करी करने वाले गिरोह के सदस्य भारत से बांग्लादेश में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि मृतक के शव को बरामद कर मयमेनसिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल मुर्दाघर भेज दिया गया। (आईएएनएस)
 


अन्य पोस्ट