अंतरराष्ट्रीय
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि इस्लामाबाद समझौता बहुत करीब है.
उन्होंने एक्स पर लिखा, "इस्लामाबाद समझौता अब बहुत करीब है। इसके अंतिम रूप लेने तक, मीडिया को इसके बारे में अटकलें लगाने से बचना चाहिए."
उन्होंने आगे कहा, "हमारे ज़िम्मेदार और पारदर्शी रवैये के अनुरूप, सभी जानकारी सही समय पर लोगों के साथ साझा की जाएगी."
दरअसल, पाकिस्तान, अमेरिका और ईरान के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है. दोनों देशों के बीच बातचीत पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हुई थी, इसलिए इसे इस्लामाबाद समझौता के नाम से जाना जाता है.
इसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर अब्बास अराग़ची के बयान का स्क्रीनशॉट शेयर किया.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने क्या कहा
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर पोस्ट कहा, "पाकिस्तान की ओर से शांति समझौते के लिए मध्यस्थता की कोशिशें जारी हैं. हम उन लोगों द्वारा चलाए जा रहे लगातार गलत जानकारी फैलाने वाले अभियान से पूरी तरह वाकिफ़ हैं जो इस शांति समझौते को नाकाम करना चाहते हैं."
उन्होंने आगे लिखा, "इन सब बातों को दरकिनार करते हुए, हम पुष्टि कर सकते हैं कि शांति समझौते मसौदे पर सहमति बन गई है. पाकिस्तान अब दोनों पक्षों के साथ मिलकर काम कर रहा है. शांति समझौते पर पहले दोनों पक्ष इतने करीब नहीं थे, जितने अभी हैं." (bbc.com/hindi)


