अंतरराष्ट्रीय

ईरान बोला- अब देखेंगे बात करनी है या नहीं, ट्रंप ने कहा- क़ीमत चुकानी पड़ेगी
11-Jun-2026 9:20 AM
ईरान बोला- अब देखेंगे बात करनी है या नहीं, ट्रंप ने कहा- क़ीमत चुकानी पड़ेगी

दक्षिणी ईरान पर अमेरिकी हमलों के बाद ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि अब वे देखेंगे कि वार्ता में आगे बढ़ना है या नहीं.

उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है, "बातचीत की प्रक्रिया के दौरान ईरान जानबूझकर देरी करता रहा है, और अब उसे इसकी क़ीमत चुकानी होगी."

बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा है, "नए अमेरिकी हमलों के मद्देनज़र बातचीत जारी रखने पर फिर से विचार किया जाएगा. बल प्रयोग का असर कूटनीतिक प्रयासों पर पड़ता है. वार्ता को आगे बढ़ाने के लिए कम से कम कुछ गुंजाइश ज़रूरी होती है."

ट्रंप बोले- ईरान सिर्फ़ बातें करता है

उधर, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर अपना दावा दोहराया है कि ईरान की सेना पूरी तरह बिखर चुकी है.

उन्होंने लिखा, “ईरान की नौसेना और वायुसेना जैसे कई हिस्से अब लगभग ख़त्म हो चुके हैं. यह पूरी तरह असफल हो चुकी है. वे सिर्फ बातें करते हैं. ईरान सिर्फ़ बातें करता है, कुछ करता नहीं है, मध्य पूर्व का दबंग अब ख़त्म हो चुका है.”

ये टिप्पणियां दक्षिणी ईरान में हुए अमेरिकी हमलों और फिर ईरान की जवाबी कार्रवाइयों के बाद आई हैं.

अमेरिकी सेना का एक अपाचे हेलीकॉप्टर सोमवार को ओमान के तट के पास गिराया गया था. इस हेलीकॉप्टर में सवार दो क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया था.

इस मामले में राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान पर हेलीकॉप्टर गिराने का आरोप लगाया था, जबकि ईरान ने इससे इनकार किया था.

फिर अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसने 'आत्मरक्षा' में 9 जून को ईरान के ख़िलाफ़ कार्रवाई पूरी करने की जानकारी दी.

फिर ईरान की ओर से बताया गया कि उसने बहरीन, कुवैत और जॉर्डन में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट