अंतरराष्ट्रीय

अफ़ग़ानिस्तान का दावा, 'पाकिस्तानी सेना के हमले में 11 बच्चों समेत 13 लोग मारे गए'
10-Jun-2026 9:15 AM
अफ़ग़ानिस्तान का दावा, 'पाकिस्तानी सेना के हमले में 11 बच्चों समेत 13 लोग मारे गए'

अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार के प्रवक्ता ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी सेना ने "अफ़ग़ान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन" किया है और मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात डूरंड लाइन के पास कई प्रांतों में हवाई हमले किए.

ज़बिहुल्लाह मुजाहिद ने कुछ तस्वीरें पोस्ट करते हुए एक्स पर लिखा, "कल रात, पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर अफ़ग़ान हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया और कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों में नागरिकों के घरों पर बमबारी की."

उन्होंने दावा किया, "इन हमलों में 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग मारे गए हैं, जबकि अन्य 14 महिलाएं और बच्चे घायल हुए हैं."

तालिबान सरकार के प्रवक्ता ने इन हमलों को 'मानवीय अपराध' और 'आक्रामकता की कार्रवाई' बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है.

इन हमलों को लेकर अब तक पाकिस्तान की ओर से कोई बयान नहीं आया है.

अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान सरकार और पाकिस्तान के बीच बीते कुछ महीनों में तनाव बढ़ा है.

बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, पाकिस्तान ने इसी साल मार्च में एक सेंटर पर हमला किया था. अफ़ग़ानिस्तान में संयुक्त राष्ट्र सहायता मिशन (यूएनएएमए) ने इस हमले में कम से कम 269 लोगों की मौत की पुष्टि की थी और कहा था कि मरने वालों की वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है.

पाकिस्तान अपने पड़ोसी अफ़ग़ानिस्तान की तालिबान सरकार पर आरोप लगाता रहा है कि वह पाकिस्तान के अंदर आतंकवादी गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है.

वहीं, तालिबान सरकार ने बार-बार इन आरोपों का खंडन किया है और इस बात पर ज़ोर दिया है कि वह किसी को भी अफ़ग़ानिस्तान की धरती का इस्तेमाल किसी अन्य देश को नुक़सान पहुंचाने के लिए नहीं करने देगी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट