अंतरराष्ट्रीय
जर्मनी की कंपनियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल बहुत तेजी से बढ़ रहा है. आर्थिक अनुसंधान संस्थान 'इफो' द्वारा कराए गए एक नए सर्वे के अनुसार, देश की आधे से अधिक कंपनियों ने अपने दैनिक बिजनेस ऑपरेशंस में एआई तकनीक को पूरी तरह अपना लिया है. सर्वे के नतीजे बताते हैं कि वर्तमान में 54.5 प्रतिशत कंपनियां अपने कामकाज में एआई का उपयोग कर रही हैं.
पिछले साल के सर्वे में केवल 40.9 प्रतिशत कंपनियों ने ही एआई का इस्तेमाल करने की बात कही थी, यानी महज एक साल के भीतर इसमें लगभग 13 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अगर विभिन्न क्षेत्रों के लिहाज से देखें, तो जर्मनी के मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में एआई की स्वीकार्यता सबसे ज्यादा 58.7 प्रतिशत रही है, जबकि इसके बाद सर्विस सेक्टर में 56.2 प्रतिशत कंपनियों ने इसे अपने काम का हिस्सा बनाया है.
इफो संस्थान के मुताबिक, जर्मन कंपनियां मुख्य रूप से अपने मौजूदा कामकाज की प्रक्रियाओं को अधिक कुशल और सुगम बनाने के लिए एआई की मदद ले रही हैं. यह आधुनिक तकनीक बेहद कम समय में भारी मात्रा में डेटा और जानकारियों को प्रोसेस करने की क्षमता रखती है, जिससे व्यवसायों को निर्णय लेने में आसानी हो रही है. (dw.com/hi)


