अंतरराष्ट्रीय

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने अपनी गोपनीय रिपोर्ट में ईरान को लेकर क्या बताया
05-Jun-2026 9:01 AM
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने अपनी गोपनीय रिपोर्ट में ईरान को लेकर क्या बताया

अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) ने एक गोपनीय रिपोर्ट में ईरान को लेकर गंभीर चिंता जताई है.

समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़, आईएईए ने एक गोपनीय रिपोर्ट में कहा है कि ईरान के परमाणु केंद्रों तक पहुंच न होने के कारण वहां मौजूद परमाणु सामग्री की पुष्टि नहीं की जा सकती.

बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक, रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि इससे "परमाणु हथियारों के प्रसार" को लेकर चिंता पैदा हो रही है.

एजेंसी ने ईरान से सहयोग करने की अपील की है.

पिछले साल इसराइल और अमेरिका के साथ 12 दिनों तक चले युद्ध के दौरान अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकानों को निशाना बनाया था. इसके बाद आईएईए को ईरान की कुछ महत्वपूर्ण परमाणु सुविधाओं तक पहुंच नहीं मिल सकी है.

हालिया संघर्ष में भी ईरान के परमाणु ठिकानों पर हमले हुए थे.

संयुक्त राष्ट्र से जुड़ी इस एजेंसी ने कई बार मांग की है कि उसके निरीक्षकों को इन परमाणु ठिकानों तक जाने की इजाज़त दी जाए.

अपनी रिपोर्ट में आईएईए ने माना है कि परमाणु प्रतिष्ठानों पर हुए सैन्य हमलों के कारण अप्रत्याशित स्थिति पैदा हो गई है.

एजेंसी ने कहा कि यह बेहद ज़रूरी है कि वह बिना किसी देरी के ईरान में निगरानी और सत्यापन का काम फिर से शुरू कर सके.

एजेंसी ने कहा कि लगभग एक साल से उसे ईरान के यूरेनियम एनरिचमेंट के स्तर की जांच करने का मौक़ा नहीं मिला है. सुरक्षा नियमों के अनुसार यह जांच बहुत पहले हो जानी चाहिए थी और यह चिंता का विषय है.

रिपोर्ट में कहा गया है कि आईएईए के महानिदेशक रफ़ेल ग्रोसी ने ईरान से सहयोग करने का आग्रह किया है, ताकि अंतरराष्ट्रीय परमाणु सुरक्षा नियमों को पूरी तरह लागू किया जा सके. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट