अंतरराष्ट्रीय
रोमन गोफ़मैन ने मंगलवार को इसराइल की ख़ुफ़िया एजेंसी मोसाद के नए चीफ़ के तौर पर ज़िम्मेदारी संभाली है.
इसराइल के प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि रोमन गोफ़मैन को मोसाद का अगला डायरेक्टर नियुक्त करने पर गर्व महसूस कर रहा हूं.
नेतन्याहू ने बाद में रोमन गोफ़मैन के बारे में एक और एक्स पोस्ट किया. इसमें उन्होंने बताया, "रोमन 14 साल की उम्र में अपने माता-पिता के साथ बेलारूस से इसराइल आए थे."
उन्होंने लिखा, "रोमन ने अपनी राह ख़ुद बनाई और सभी मुश्किलों को पार किया. कई सालों की सैन्य सेवा के बाद मैंने उन्हें देश के सबसे अहम समय में अपना सैन्य सचिव चुना."
नेतन्याहू ने लिखा, "आज वो आधिकारिक तौर पर मोसाद के प्रमुख बन गए हैं. मैं अपनी ओर से और पूरे इसराइल की जनता की ओर से उन्हें बधाई देता हूं."
ग़ौरतलब है कि रोमन गोफ़मैन से पहले मोसाद के चीफ़ डेविड बार्निया थे. उन्होंने लगभग पांच साल तक यह पद संभाला और जून 2026 में अपना कार्यकाल पूरा किया.(bbc.com/hindi)


