अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कुछ अमेरिकी मीडिया आउटलेट्स पर पक्षपात का आरोप लगाया था, जिसके बाद ईरान ने इस पर प्रतिक्रिया दी है.
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा था, "ईरान अपनी नेवी और एयरफ़ोर्स को पूरी तरह ख़त्म मान ले, सेना अपने हथियार ज़मीन पर रख दे और सफ़ेद झंडा लहराकर हार स्वीकार कर ले, तब भी अमेरिकी मीडिया ईरान को विजेता घोषित कर देगा."
इसके बाद ईरान ने डोनाल्ड ट्रंप पर तंज़ कसते हुए जवाब दिया है.
भारत में स्थित ईरानी दूतावास ने एक्स पर लिखा, "अगर आप हमारे परमाणु अधिकार मानते हैं, हर मोर्चे पर जंग ख़त्म करते हैं, हमारे इलाक़े से बाहर निकलते हैं, समुद्री नाकाबंदी हटाते हैं, कठोर प्रतिबंध ख़त्म करते हैं और इस जंग से हुई भारी तबाही का मुआवज़ा देते हैं, तो हम ख़ुशी से दुनिया को बताएंगे कि आपने एक बड़ी और ऐतिहासिक जीत हासिल की है."
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एबीसी न्यूज़ से बातचीत में कहा है कि ईरान के साथ एक हफ़्ते में समझौता हो सकता है.
उन्होंने कहा कि यह समझौता युद्धविराम को आगे बढ़ाने और होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलने से जुड़ा होगा. (bbc.com/hindi)


