अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्तान से लौट रहे अफगान शरणार्थियों का ट्रक पूर्वी अफगानिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त, 22 की मौत
30-May-2026 7:34 PM
पाकिस्तान से लौट रहे अफगान शरणार्थियों का ट्रक पूर्वी अफगानिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त, 22 की मौत

काबुल, 30 मई। पूर्वी अफगानिस्तान में शनिवार को पड़ोसी देश पाकिस्तान से लौट रहे अफगान शरणार्थियों से भरा एक ट्रक राजमार्ग पर पलट गया जिससे कम से कम 22 लोगों की जान चली गई और 36 अन्य घायल हो गए। हताहतों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

प्रांतीय गवर्नर के प्रवक्ता अब्दुल मलिक नियाज़ई ने बताया कि यह दुर्घटना लग़मान प्रांत में उस मुख्य राजमार्ग पर हुई, जो राजधानी काबुल को नंगरहार प्रांत से जोड़ता है।

उन्होंने बताया कि मृतकों में 10 बच्चे और पांच महिलाएं शामिल हैं और घायलों को इलाज के लिए नंगरहार के अस्पतालों में ले जाया गया है।

प्रांतीय जन स्वास्थ्य निदेशक अमीनउल्लाह शरीफ ने बताया कि इस दुर्घटना में 22 लोग मारे गए और लगभग 36 घायल हुए।

उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना तब हुई जब चालक को नींद आ गई और ट्रक खाई में गिर गया।

शनिवार को राज्यपाल कार्यालय ने बताया कि पूर्वी प्रांत नूरिस्तान में एक अलग दुर्घटना में, शुक्रवार रात एक कार सड़क से फिसलकर नदी में गिर गई, जिससे चालक घायल हो गया और चार यात्री लापता हो गए।

कार्यालय ने बताया कि बचाव दल चारों की तलाश कर रहे थे।

अफगानिस्तान में सड़क दुर्घटनाएं आम हैं, जहां सड़कें खस्ताहाल हैं और चालक अक्सर यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं। (एपी)


अन्य पोस्ट