अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान को यह मानना होगा कि उसके पास 'कभी भी परमाणु हथियार या बम नहीं होगा'.
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के साथ सहमति बन गई है और 'अंतिम फ़ैसला' लेने के लिए वह बैठक करने जा रहे हैं.
ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "ईरान को इस बात पर सहमत होना होगा कि उसके पास कभी परमाणु हथियार या बम नहीं होगा. होर्मुज़ स्ट्रेट को तुरंत खोला जाना चाहिए और बिना किसी शुल्क के जहाज़ों की आवाजाही की अनुमति होनी चाहिए."
ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नाकाबंदी को हटाया जा रहा है और जो जहाज़ होर्मुज़ स्ट्रेट में फंसे हुए थे वे अब 'घर लौटने' की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी सहमति बनी है कि पिछले साल ईरान के परमाणु ठिकानों पर हुए अमेरिकी हमलों की वजह से जो 'न्यूक्लियर डस्ट' ज़मीन के नीचे दब गई है उसे अमेरिका बाहर निकालेगा.
ट्रंप ने कहा कि यह काम ईरान और अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के साथ क़रीबी समन्वय से किया जाएगा और इसके बाद उस सामग्री को नष्ट कर दिया जाएगा.
उन्होंने आगे कहा, "कम महत्व के कुछ दूसरे मुद्दों पर भी सहमति बन गई है. अब मैं अंतिम फ़ैसला लेने के लिए सिचुएशन रूम में बैठक करने जा रहा हूं." (bbc.com/hindi)


