अंतरराष्ट्रीय

जर्मनी के सबसे अमीर लोगों के पास देश की एक चौथाई संपत्ति
28-May-2026 9:30 AM
जर्मनी के सबसे अमीर लोगों के पास देश की एक चौथाई संपत्ति

जर्मनी के 5000 सबसे अमीर लोगों के पास देश की कुल आर्थिक संपत्ति का एक चौथाई से ज्यादा हिस्सा है. बोस्टन कंसल्टिंक ग्रुप (बीसीजी) की एक रिपोर्ट में बुधवार को यह जानकारी दी गई है. जर्मनी में 10 करोड़ डॉलर से अधिक की संपत्ति रखने वाले लोगों की संख्या 2025 में एक साल पहले के मुकाबले करीब 1,100 बढ़ गई. बीसीजी की ग्लोबल वेल्थ रिपोर्ट के मुताबिक जर्मनी की कुल वित्तीय संपत्ति यानी 12.4 लाख करोड़ डॉलर में से 27.3 फीसदी यानी 3.4 लाख करोड़ डॉलर इन्हीं लोगों के पास है.

दूसरी तरफ जर्मनी के करीब 6.6 करोड़ लोगों के पास 2,50,000 डॉलर से कम की वित्तीय संपत्ति है. कुल वित्तीय संपत्ति में देखें तो यह हिस्सा करीब 35.9 फीसदी है. 7 लाख से ज्यादा करोड़पति, 5000 बेहद अमीर लोगों के साथ मिल कर जर्मनी की आधी वित्तीय संपत्ति पर नियंत्रण रखते हैं.

जर्मनी का टोटल नेट वर्थ 2025 में 15 फीसदी बढ़ कर 23.3 लाख करोड़ पर जा पहुंचा. इसमें मजबूत शेयर बाजार की वजह से वित्तीय संपत्ति में करीब 18 फीसदी का इजाफा हुआ. रियल एस्टेट बढ़ कर 13.4 लाख करोड़ तक पहुंच गया है और यह कुल संपत्ति का करीब आधा है.
जर्मन लोग अब भी सजग निवेशक माने जाते हैं. घरेलू संपत्ति को रखने के लिए नगद और जमा ही आज भी सबसे बड़ा जरिया है. हालांकि धीरे धीरे लोग दूसरी चीजों की तरफ भी रुख कर रहे हैं. (dw.com/hi)
 


अन्य पोस्ट