अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप बोले- ईरान से बातचीत अभी संतोषजनक नहीं, लेकिन समझौता होगा
28-May-2026 8:35 AM
ट्रंप बोले- ईरान से बातचीत अभी संतोषजनक नहीं, लेकिन समझौता होगा

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान के साथ चल रही बातचीत अब तक उम्मीद के मुताबिक़ नहीं रही है, लेकिन उन्हें भरोसा है कि आख़िरकार समझौता हो जाएगा.

ट्रंप ने कहा, “ईरान के साथ बातचीत अभी तक सफल नहीं रही है. हम फ़िलहाल इससे संतुष्ट नहीं हैं, लेकिन हो सकता है कि आगे हों.”

उन्होंने कहा, “या तो यह रास्ता अपनाया जाएगा, या फिर हमें जाकर काम पूरा करना पड़ेगा.”

ईरानी नेतृत्व का जिक्र करते हुए ट्रंप ने कहा कि वे 'कमज़ोर स्थिति' से बातचीत कर रहे हैं.

उन्होंने कहा, “देखते हैं क्या होता है. हो सकता है हमें वापस जाकर कार्रवाई पूरी करनी पड़े, और यह भी हो सकता है कि इसकी ज़रूरत न पड़े.”

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के इस्लामिक गणराज्य के नेता समझौता करने के लिए 'बहुत इच्छुक' हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान की अर्थव्यवस्था 'तेज़ी से गिर रही है' और वहां महंगाई दर 250 प्रतिशत तक पहुंच गई है और ईरानी मुद्रा की क़ीमत लगभग ख़त्म हो चुकी है.

ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि ईरान को परमाणु हथियार रखने की अनुमति नहीं दी जा सकती.

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि इस समय ईरान सिर्फ़ समझौता करना चाहता है. उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है.”

उन्होंने कहा कि 'ऑपरेशन एपिक फ्यूरी' के दौरान अमेरिका ने साफ़ कर दिया था कि दुनिया में आतंकवाद को समर्थन देने वाला सबसे बड़ा देश परमाणु हथियार नहीं रख सकता. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट