अंतरराष्ट्रीय
ईरान के सरकारी मीडिया ने दावा किया है कि ईरान को 'अमेरिका के साथ समझौते के बारे में शुरुआती और अनौपचारिक मसौदा' मिला है.
बीबीसी पर्शियन ने रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा, " प्रस्ताव के मुताबिक़ ईरान एक महीने के भीतर होर्मुज़ स्ट्रेट में कमर्शियल जहाज़ों की आवाजाही को जंग से पहले वाली स्थिति में बहाल करेगा. इसके बदले में अमेरिका ईरान के आसपास तैनात अपने सैन्य बलों को हटाएगा और नौसैनिक नाकाबंदी खत्म करेगा."
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जहाज़ों के मार्ग प्रबंधन को लेकर ईरान और ओमान के बीच तालमेल स्थापित किया जाएगा.
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सचिवालय में विदेश नीति और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के उपनिदेशक अली बग़ेरी कानी ने भी पुष्टि की है कि ईरान और ओमान मिलकर होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों के गुजरने की नई प्रक्रिया पर बातचीत कर रहे हैं.
उनके मुताबिक, “जंग शुरू होने से पहले की तुलना में होर्मुज़ से गुजरने की शर्तें और प्रक्रियाएं पूरी तरह अलग होंगी.”
कानी ने यह भी कहा, “जब तक सभी मुद्दों पर सहमति नहीं बन जाती, तब तक हम मानते हैं कि किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बनी है.” (bbc.com/hindi)


