अंतरराष्ट्रीय

अमेरिका के ताज़ा हमलों के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर का आया बयान
26-May-2026 6:37 PM
अमेरिका के ताज़ा हमलों के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर का आया बयान

बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई ने लिखित संदेश जारी किया है. यह संदेश सरकारी टेलीविज़न पर भी प्रसारित किया गया.

ख़ामेनेई का यह संदेश ताज़ा अमेरिकी हमलों के बाद आया है.

अमेरिकी सेना ने कहा है कि उसने दक्षिणी ईरान में नए हमले किए हैं, जिनमें ईरानी मिसाइल ठिकानों और उनके जहाज़ों को निशाना बनाया गया जो समुद्र में बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश कर रही थीं.

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक बयान में कहा कि ये हमले आत्मरक्षा में किए गए और उनका मक़सद ईरानी बलों से सैनिकों को होने वाले ख़तरे से बचाना था.

मार्च में सुप्रीम लीडर चुने जाने के बाद से ख़ामेनेई सार्वजनिक रूप से नज़र नहीं आए हैं. अब तक उन्होंने लिखित बयान ही जारी किए हैं.

बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, मोजतबा ख़ामेनेई ने लिखित संदेश में कहा है कि खाड़ी क्षेत्र के देश अब अमेरिकी ठिकानों के लिए ढाल नहीं बनेंगे.

उन्होंने कहा, "यह निश्चित है कि समय का पहिया पीछे नहीं मुड़ेगा और इस क्षेत्र के देश और ज़मीन अब अमेरिकी ठिकानों के लिए ढाल नहीं बनेंगी."

उन्होंने यह भी कहा, "अमेरिका दिन-प्रतिदिन अपनी पिछली स्थिति से दूर होता जा रहा है."

अपने संदेश में ख़ामेनेई ने इसराइल का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा, "अस्थिर ज़ायोनी शासन और इसराइल अपने दुर्भाग्यपूर्ण जीवन के अंतिम चरण में पहुँच रहे हैं."

इस लिखित संदेश में ख़ामेनेई ने 10 साल पहले अपने पिता के बयानों को याद करते हुए कहा कि इसराइल "25 साल बाद का इतिहास नहीं देख पाएगा." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट