अंतरराष्ट्रीय
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) के जनसंपर्क विभाग ने कहा है कि वह अमेरिकी सेना की ओर से युद्धविराम के किसी भी उल्लंघन के ख़िलाफ़ जवाबी कार्रवाई के अधिकार को 'वैध और निर्णायक' मानता है.
आईआरजीसी की यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने कहा कि उसने सोमवार रात दक्षिणी ईरान पर 'आत्मरक्षा में' हमले किए थे.
हालांकि, आईआरजीसी के बयान में अमेरिकी हमलों का सीधे तौर पर ज़िक्र नहीं किया गया. लेकिन कहा गया कि अमेरिकी सेना ने 'फ़ारस की खाड़ी क्षेत्र में ईरानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश किया.'
बयान में कहा गया, "आईआरजीसी की रक्षा इकाइयों ने ईरान की क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए ख़ुफ़िया निगरानी के बाद एक एमक्यू-9 ड्रोन की पहचान की और उसे मार गिराया."
आईआरजीसी ने यह भी कहा कि उसने "एक आरक्यू-4 ड्रोन और एक एफ़-35 लड़ाकू विमान पर गोलीबारी की, जिससे वे भागने और क्षेत्रीय जल सीमा छोड़ने पर मजबूर हो गए."
हालांकि, आईआरजीसी ने इन हमलों के सटीक समय और स्थान का ज़िक्र नहीं किया है. (bbc.com/hindi)


