अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने 'भारतीयों पर नस्लवादी टिप्पणियों' से जुड़े एक सवाल के जवाब में कहा कि दुनिया के हर देश में 'बेवकूफ़ लोग' होते हैं.
रविवार को नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ़्रेंस में रुबियो ने यह बयान दिया. हालांकि इस दौरान पत्रकार और रुबियो के बीच सवाल-जवाब भी हुए.
इस साझा कॉन्फ़्रेंस में भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर भी मौजूद थे.
रुबियो से सवाल किया गया कि 'भारतीयों और भारतीय-अमेरिकी लोगों को लेकर अमेरिका से कई नस्लवादी टिप्पणियां हुई हैं. यह भारत-अमेरिका संबंधों की बुनियादी सोच के ख़िलाफ़ जाता है. इस पर आपका क्या कहना है?'
इस पर अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, "ये टिप्पणियां किसने कीं?"
पत्रकार ने जवाब दिया, "हम सबने ये टिप्पणियां देखी हैं. हमने इन टिप्पणियां का समर्थन करते भी देखा है."
इसके बाद रुबियो ने अपने जवाब में कहा, "मुझे नहीं पता मैं इसे कैसे एड्रेस करूं लेकिन मैं उन टिप्पणियों को बहुत गंभीरता से लूंगा."
उन्होंने कहा, "मुझे यक़ीन है कि कुछ लोगों ने ऑनलाइन और दूसरी जगहों पर ऐसी टिप्पणियां की होंगी, क्योंकि दुनिया के हर देश में बेवकूफ़ लोग होते हैं. मुझे यक़ीन है कि यहां भी बेवकूफ़ लोग हैं. अमेरिका में भी ऐसे लोग हैं जो हर समय बेवकूफ़ी भरी बातें करते रहते हैं."
रुबियो ने यह भी कहा, "अमेरिका एक ऐसा देश है जो सबका स्वागत करता है. हमारा देश उन लोगों की वजह से और समृद्ध हुआ है जो दुनियाभर से हमारे देश में आकर बसे हैं." (bbc.com/hindi)


