अंतरराष्ट्रीय
-ग़ोंचेह हबीबीज़ाद
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने रविवार को कहा कि ईरान के तीसरे सुप्रीम लीडर मोजतबा ख़ामेनेई की 'इजाज़त' के बिना 'कोई फ़ैसला' नहीं लिया जाएगा.
यह बयान ऐसे समय आया है जब कट्टरपंथी ईरानी सांसद कमरान ग़ज़नफ़री ने इस हफ़्ते की शुरुआत में पेज़ेश्कियान की आलोचना की थी और उन पर ख़ामेनेई की 'इजाज़त के बिना' युद्धविराम स्वीकार करने का आरोप लगाया था.
56 वर्षीय ख़ामेनेई 8 मार्च को सुप्रीम लीडर बनने के बाद से सार्वजनिक रूप से नज़र नहीं आए हैं. हालांकि ईरानी मीडिया के मुताबिक़ उन्होंने कई लिखित बयान जारी किए हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक़, पेज़ेश्कियान समेत कई वरिष्ठ ईरानी अधिकारियों ने हाल के हफ़्तों में उनसे मुलाक़ात भी की है.
ख़ामेनेई ने अपने नाम से जारी लिखित संदेशों में अमेरिका और इसराइल की आलोचना करने वाली ईरान की नीति को बरक़रार रखा है, लेकिन मौजूदा बातचीत पर उन्होंने सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की है.
28 फ़रवरी को उनके पिता अली ख़ामेनेई की मौत वाले हमले में उनके घायल होने की रिपोर्ट्स के बाद से उनकी सेहत को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं.
अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने पहले कहा था कि ख़ामेनेई 'संभवतः घायल' हो गए हैं, हालांकि ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस दावे से इनकार किया है. (bbc.com/hindi)


