अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका के वॉशिंगटन में शनिवार को व्हाइट हाउस के पास हुई गोलीबारी में एक शख़्स घायल हो गया, जबकि गोलियां चलाने वाला संदिग्ध मारा गया.
घटना के समय अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे. दरअसल, शाम क़रीब छह बजे व्हाइट हाउस में मौजूद कई पत्रकारों ने गोलियों की आवाज़ सुनी.
सीक्रेट सर्विस के बयान के मुताबिक़, 17वीं स्ट्रीट और पेंसिलवेनिया एवेन्यू के पास एक व्यक्ति ने अपने बैग से हथियार निकाला और फ़ायरिंग शुरू कर दी.
सीक्रेट सर्विस पुलिस ने जवाबी फायर किया और संदिग्ध को गोली लगी. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. इस गोलीबारी में एक राहगीर को भी गोली लगी.
अधिकारियों को कोई चोट नहीं आई. घटना के समय राष्ट्रपति व्हाइट हाउस में मौजूद थे, लेकिन उनकी सुरक्षा या कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा.
सीबीएस न्यूज़ को सूत्रों ने बताया कि 15 से 30 गोलियां चलीं. ऐसा लग रहा था कि एक शख़्स ने सीक्रेट सर्विस एजेंट्स के पास जाकर उन पर गोली चलाई, लेकिन वह कामयाब नहीं हुआ. इसके बाद एजेंट्स ने जवाबी फ़ायर किया.
एफ़बीआई डायरेक्टर काश पटेल ने कहा कि सीक्रेट सर्विस इस घटना पर कार्रवाई कर रही है. राष्ट्रपति ट्रंप की तरफ़ से अभी तक इस घटना पर कोई बयान नहीं आया है.
गौरतलब है कि एक महीने पहले ही व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर में भी गोलीबारी हुई थी. तब भी संदिग्ध हमलावर पकड़ा गया था. (bbc.com/hindi)


