अंतरराष्ट्रीय
-मुहम्मद काज़िम
पाकिस्तान में बलूचिस्तान के चाग़ी ज़िले और क्वेटा के बीच सफ़र करते समय अगवा किए गए 21 मज़दूर छुड़ा लिए गए हैं. जिस कंपनी के लिए मज़दूरों ने काम किया, उसके एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को इसकी पुष्टि की.
दरअसल, इन मज़दूरों को मंगलवार को अगवा किया गया था. लेकिन अपहरण की आधिकारिक पुष्टि न होने की वजह से यह घटना मुख्यधारा के मीडिया में रिपोर्ट नहीं हुई. उस समय अगवा किए गए मज़दूरों की संख्या 17 बताई गई थी.
शनिवार को मज़दूरों के छुड़ाए जाने की ख़बर आई तो बीबीसी ने एक कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी से फ़ोन पर बात की. उन्होंने नाम न बताने की शर्त पर पुष्टि करते हुए कहा कि अगवा किए गए मज़दूरों की असली संख्या 17 नहीं, बल्कि 21 थी.
उन्होंने कहा कि जिन लोगों को इस कंपनी से जोड़ा जा रहा है, उनका कंपनी से सीधा संबंध नहीं था. ये मज़दूर एक ठेकेदार के तहत काम कर रहे थे, जिसका कंपनी से किया गया कॉन्ट्रैक्ट अब ख़त्म हो चुका है.
वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक़, उन्हें यह जानकारी नहीं है कि मज़दूरों को कैसे छुड़ाया गया.
गौरतलब है कि बलूचिस्तान के अलग-अलग इलाक़ों में खनन और निर्माण कंपनियों से जुड़े मज़दूरों के अपहरण की घटनाएं सामने आती रही हैं. (bbc.com/hindi)


