अंतरराष्ट्रीय
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ 23 से 26 मई तक चीन की यात्रा करेंगे. इस दौरान वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री ली कियांग से मुलाक़ात करेंगे.
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गू जियाकुन ने गुरुवार को राजधानी बीजिंग में मीडिया ब्रीफ़िंग के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़, चीन के पीएम ली कियांग के न्योते पर चीन जा रहे हैं.
प्रवक्ता गू ने कहा कि दोनों पक्ष प्रमुख अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर करीबी संवाद और समन्वय बनाए हुए हैं, अपने साझा हितों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर रहे हैं और क्षेत्रीय शांति, स्थिरता तथा विकास को बढ़ावा दे रहे हैं.
उन्होंने कहा कि चीन को उम्मीद है कि दोनों पक्ष इस यात्रा को पारंपरिक दोस्ती को आगे बढ़ाने, हर क्षेत्र में सहयोग को गहरा करने और नए दौर में और अधिक करीब आने के अवसर के रूप में लेंगे.
गुरुवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने, पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ़ अली ज़रदारी को दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ पर बधाई भी दी.
इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी चीन का दौरा कर चुके हैं. (bbc.com/hindi)


