अंतरराष्ट्रीय
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने अपने भारत दौरे से पहले कहा है कि भारत अमेरिका का 'एक अहम सहयोगी और साझेदार' है. उन्होंने कहा कि भारत के साथ 'कई मुद्दों पर काम किया जाना है'.
मीडिया से बातचीत में रुबियो ने कहा, "हम उन्हें (भारत को) उतनी एनर्जी बेचना चाहते हैं, जितना वे ख़रीदना चाहें. अमेरिका इस समय उत्पादन और निर्यात के ऐतिहासिक स्तर पर है. हम इसे और बढ़ाना चाहते हैं."
उन्होंने कहा, "इस बारे में भारत के साथ पहले से बातचीत चल रही थी और हम चाहते हैं कि भारत के ऊर्जा पोर्टफ़ोलियो में हमारी हिस्सेदारी और बड़ी हो."
होर्मुज़ स्ट्रेट से स्वतंत्र आवाजाही बंद होने के कारण दुनियाभर में ऊर्जा संकट जारी है. भारत में भी इसका साफ़ असर दिखा है, हालांकि भारत सरकार यह दावा करती आई है कि देश में पर्याप्त ईंधन मौजूद है.
अमेरिकी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि उनका आगामी भारत दौरा महत्वपूर्ण है.
रुबियो ने कहा, "भारत के साथ कई मुद्दों पर काम किया जाना है. वे एक अहम सहयोगी और साझेदार हैं. हम उनके साथ कई सारे अच्छे काम करते हैं. इसलिए यह दौरा महत्वपूर्ण है."
उन्होंने कहा, "मुझे ख़ुशी है कि हम यह दौरा कर पा रहे हैं. वहां हम क्वाड देशों के साथ भी बैठक करेंगे."
आकाशवाणी के मुताबिक़, मार्को रुबियो चार दिन के भारत दौरे पर आ रहे हैं. उनका यह दौरा 23 मई से शुरू होगा, जो कि 26 मई तक चलेगा.
इस दौरान रुबियो दिल्ली, जयपुर, कोलकाता और आगरा का दौरा करेंगे. (bbc.com/hindi)


