अंतरराष्ट्रीय
(सागर कुलकर्णी)
वॉशिंगटन, 20 मई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कृत्रिम बुद्धिमत्ता, व्यापार और अपराध के खिलाफ लड़ाई पर चर्चा करने के लिए 15 से 17 जून तक फ्रांस में होने वाली जी-7 बैठक में भाग लेंगे। अमेरिकी मीडिया संस्थानट एक्सियोस की रिपोर्ट से यह जानकारी प्राप्त हुई।
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मेजबानी में आयोजित जी-7 बैठक, ट्रंप के 80वें जन्मदिन के एक दिन बाद होने वाली है। उनका जन्मदिन व्हाइट हाउस के लॉन में विशेष रूप से निर्मित यूएफसी 'केजफाइट्स' के साथ मनाया जाएगा।
एक्सियोस ने व्हाइट हाउस के एक अधिकारी के हवाले से कहा कि जी-7 की बैठक में कोई वास्तविक हस्ताक्षरित समझौता नहीं होगा, बल्कि इसका उद्देश्य आम सहमति बनाना है जिस पर भविष्य के समझौते आधारित हो सकें।
एक्सियोस ने कहा कि हालांकि एजेंडे में ईरान का मुद्दा शामिल होने की संभावना है, लेकिन ट्रंप द्वारा व्यापार के बारे में अधिक बात करने की उम्मीद है, विशेष रूप से अमेरिकी सहायता को ऐसे व्यापार से जोड़ने के बारे में जो "निवेशक और प्राप्तकर्ता दोनों देशों के लिए पारस्परिक रूप से लाभकारी हो।"
ट्रंप के अमेरिका में विकसित एआई उपकरणों को अपनाने को बढ़ावा देने, महत्वपूर्ण खनिज आपूर्ति शृंखलाओं पर चीन की पकड़ को कम करने पर सहमति जताने, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध आप्रवासन से लड़ने, अमेरिकी निर्यात को बढ़ावा देने, नियामक बाधाओं को कम करने और ऊर्जा उत्पादन बढ़ाने - विशेष रूप से जीवाश्म ईंधन के उत्पादन पर बोलने की उम्मीद है।
मैक्रों ने फरवरी में अपनी भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी फ्रेंच एल्प्स में स्थित एवियन-लेस-बैंस में आयोजित होने वाले जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था। (भाषा)


