अंतरराष्ट्रीय
-सोफ़िया फ़ेरीरा सैंटोस
डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में फैले इबोला संक्रमण में अब तक कम से कम 100 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 390 से ज़्यादा संदिग्ध मामले दर्ज हुए हैं. अफ़्रीका सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के प्रमुख ने बीबीसी को यह जानकारी दी.
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने इस संक्रमण को अंतरराष्ट्रीय आपात स्थिति घोषित किया है.
बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ को सूत्रों ने बताया कि डीआर कांगो में फैले इस संक्रमण के दौरान कम से कम छह अमेरिकी नागरिक इबोला वायरस की चपेट में आए हैं.
बताया जा रहा है कि एक अमेरिकी नागरिक में संक्रमण के लक्षण हैं, जबकि तीन अन्य लोगों के वायरस के संपर्क में आने या भारी जोखिम वाले संपर्क में रहने की आशंका है. हालांकि, यह साफ़ नहीं है कि इनमें से कोई संक्रमित हुआ है या नहीं.
अमेरिका के सेंटर्स फ़ॉर डिज़ीज़ कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) ने कहा कि वह "सीधे तौर पर प्रभावित कुछ अमेरिकियों को सुरक्षित तरीक़े से निकालने" में मदद कर रहा है, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि ऐसे लोगों की संख्या कितनी है.
इबोला का मौजूदा स्ट्रेन बुंडीबुग्यो वायरस की वजह से फैल रहा है, जिसके लिए अभी कोई स्वीकृत दवा या वैक्सीन मौजूद नहीं है.
सीडीसी के मुताबिक़, युगांडा में भी संक्रमण के दो पुष्ट मामले और एक मौत दर्ज की गई है. (bbc.com/hindi)


