अंतरराष्ट्रीय

यूएई के अबू धाबी में न्यूक्लियर पावर प्लांट पर ड्रोन हमला
18-May-2026 9:11 AM
यूएई के अबू धाबी में न्यूक्लियर पावर प्लांट पर ड्रोन हमला

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के अबू धाबी स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट में ड्रोन हमला हुआ है. इसकी जानकारी अबू धाबी के सरकारी मीडिया ऑफ़िस ने दी है.

हालांकि, यूएई ने अब तक यह नहीं बताया है कि यह हमला किस ओर से हुआ है.

हमले के बाद पावर प्लांट में आग लग गई, जिस पर काबू पा लिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक़, यह पावर प्लांट अल दफ़रा क्षेत्र में स्थित है.

सरकारी मीडिया ऑफ़िस की ओर से जारी बयान में कहा गया, "अबू धाबी के अधिकारियों ने अल दफ़रा क्षेत्र स्थित बराकाह न्यूक्लियर पावर प्लांट की आंतरिक सीमा के बाहर एक विद्युत जनरेटर में लगी आग की घटना पर तुरंत कार्रवाई की."

"यह आग ड्रोन हमले की वजह से लगी थी. इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और रेडियोलॉजिकल सुरक्षा स्तर पर भी कोई असर नहीं पड़ा है. सभी एहतियाती क़दम उठाए गए हैं."

बयान में यह भी बताया गया कि आग का असर पावर प्लांट की सुरक्षा या उसकी ज़रूरी प्रणालियों की तैयारियों पर नहीं पड़ा है और सभी यूनिट सामान्य रूप से काम कर रही हैं.

बीबीसी न्यूज़ फ़ारसी के मुताबिक़, इस घटना पर अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने गहरी चिंता व्यक्त की है.

आईएईए के महानिदेशक राफ़ेल ग्रॉसी ने यूएई के विदेश मंत्री शेख़ अब्दुल्ला बिन ज़ायेद से फ़ोन पर बातचीत की और इस हमले की कड़ी निंदा की है . (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट