अंतरराष्ट्रीय

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के बाद ट्रंप ने ताइवान को लेकर क्या कहा?
16-May-2026 8:46 AM
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने के बाद ट्रंप ने ताइवान को लेकर क्या कहा?

-इयान ऐकमैन

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ताइवान को चेताया है कि वो चीन से अलग होकर औपचारिक रूप से आज़ादी का एलान न करे.

चीन की राजधानी बीजिंग में राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बैठक के बाद ट्रंप ने शुक्रवार को फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा, "मैं नहीं चाहता कि कोई अलग होकर आज़ादी ले."

वॉशिंगटन लौटते समय विमान में ट्रंप ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने और राष्ट्रपति जिनपिंग ने ताइवान पर काफ़ी बात की.

उन्होंने कहा, "देखो, हमें 9,500 मील (15,289 किलोमीटर) दूर जाकर लड़ाई करनी है. मैं ऐसा नहीं चाहता. मैं चाहता हूं कि वो (ताइवान) शांत रहे. मैं चाहता हूं कि चीन शांत रहे."

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्हें ताइवान को लेकर चीन से टकराव दिखता है, तो उन्होंने कहा, "नहीं, मुझे ऐसा नहीं लगता. मुझे लगता है सब ठीक रहेगा. जिनपिंग युद्ध नहीं देखना चाहते."

दूसरी ओर चीनी सरकारी मीडिया के मुताबिक़, बातचीत के दौरान शी जिनपिंग ने चेतावनी दी, "ताइवान का मुद्दा चीन-अमेरिका रिश्तों में सबसे अहम है. अगर इसे ग़लत तरीके से संभाला गया तो दोनों देशों में टकराव या संघर्ष हो सकता है."

हालांकि, ताइवान के राष्ट्रपति विलियम लाई पहले ही कह चुके हैं कि ताइवान को औपचारिक आज़ादी घोषित करने की ज़रूरत नहीं है, क्योंकि वह ख़ुद को पहले से ही एक स्वतंत्र देश मानता है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट