अंतरराष्ट्रीय

हॉर्मुज संकट के बीच पाकिस्तान रूस से बढ़ाएगा तेल आयात
13-May-2026 10:50 AM
हॉर्मुज संकट के बीच पाकिस्तान रूस से बढ़ाएगा तेल आयात

पाकिस्तान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जारी संकट के बीच रूस से तेल आयात बढ़ाने की योजना बनाई है. रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, मॉस्को में पाकिस्तान के राजदूत फैसल नियाज तिर्मिजी ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए इस्लामाबाद वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों की तलाश कर रहा है. उन्होंने बताया कि देश अपनी जरूरतों का केवल लगभग 10 प्रतिशत ही घरेलू स्तर पर पूरा करता है, जबकि बाकी तेल आयात पर निर्भर है, जो अब संकट के कारण प्रभावित हो रहा है.

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वैश्विक तेल आपूर्ति का एक अहम मार्ग है, जहां से करीब 20 प्रतिशत तेल का परिवहन होता है. क्षेत्र में बढ़ते तनाव और संघर्ष के कारण इस मार्ग पर जहाजों की आवाजाही बाधित हुई है, जिससे तेल की सप्लाई और कीमतों पर दबाव पड़ा है. इस स्थिति ने पाकिस्तान जैसे आयात-निर्भर देशों के लिए ऊर्जा सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि उनका बड़ा हिस्सा खाड़ी देशों से आने वाले तेल पर निर्भर करता है.

ऐसे में पाकिस्तान रूस के साथ ऊर्जा सहयोग बढ़ाने पर जोर दे रहा है और उसे एक भरोसेमंद वैकल्पिक सप्लायर के रूप में देख रहा है.  (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट