अंतरराष्ट्रीय

ब्रिटेन: किएर स्टार्मर सरकार से तीन मंत्रियों का इस्तीफ़ा
13-May-2026 10:26 AM
ब्रिटेन: किएर स्टार्मर सरकार से तीन मंत्रियों का इस्तीफ़ा

ब्रिटेन की किएर स्टार्मर सरकार से तीसरे मंत्री ने इस्तीफ़ा दे दिया है.

मंत्री एलेक्स डेविस-जोन्स ने एक्स पर एक पोस्ट में अपने इस्तीफ़े की चिट्ठी शेयर की है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री से "देश के हित में काम करने और अपनी विदाई का टाइमटेबल तय करने" की अपील की है.

इससे पहले स्टार्मर सरकार में मंत्री जेस फ़िलिप्स और मिआटा फ़ानबुल्लेह ने भी इस्तीफ़ा दे दिया है.

ख़बर है कि लेबर पार्टी के 100 से ज़्यादा सांसदों ने प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर के समर्थन में एक बयान पर दस्तख़त किए हैं.

बयान में कहा गया है, "पिछले हफ़्ते हमें चुनावों में बेहद निराशाजनक नतीजे मिले. इससे पता चलता है कि वोटरों का भरोसा फिर से जीतने के लिए हमारे सामने एक मुश्किल काम है."

"यह काम आज से ही शुरू होना चाहिए - हम सभी को मिलकर उस बदलाव को लाने के लिए काम करना होगा जिसकी देश को ज़रूरत है. यह बयान लेबर पार्टी के सांसदों से आग्रह करता है कि वे इस पर ध्यान दें. यह लीडरशिप की होड़ का समय नहीं है."

इस बीच स्टार्मर से इस्तीफ़ा देने या इस्तीफ़े के लिए एक समयसीमा तय करने की मांग करने वाले लेबर सांसदों की कुल संख्या 86 तक पहुँच गई है. 

पिछले हफ़्ते ब्रिटेन में स्थानीय चुनाव हुए थे, जिसमें लेबर पार्टी का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था.

किएर स्टार्मर के नेतृत्व वाली लेबर पार्टी को साल 2024 के आम चुनाव में भारी बहुमत से जीत मिली थी और 14 साल बाद कंज़र्वेटिव पार्टी को सत्ता से बाहर होना पड़ा था. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट