अंतरराष्ट्रीय
साल 2026 की पहली तिमाही यानी जनवरी से मार्च के बीच चीन में करीब 17 लाख शादियां रजिस्टर हुईं. 1.4 अरब की आबादी वाले चीन के लिए यह संख्या काफी कम है. साल 2025 की पहली तिमाही की तुलना में यह 6.2 फीसदी कम है, जबकि साल 2017 की पहली तिमाही की तुलना में यह लगभग आधी है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने आधिकारिक डेटा के हवाले से यह जानकारी दी है.
रॉयटर्स के मुताबिक, यह गिरावट चीन के सामने बढ़ती जनसांख्यिकी चुनौतियों का संकेत है. दरअसल, चीन में परंपरागत रूप से शादियां और जन्म दर एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं. ऐसे में अगर शादियां ही कम होंगी तो जन्म दर में गिरावट आना स्वाभाविक है. चीन में जन्म दर रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गई है और विशेषज्ञ इसके और गिरने की चेतावनी दे रहे हैं.
इस वजह से चीन में साल 2025 में लगातार चौथे साल जनसंख्या में गिरावट दर्ज की गई. चीन में सरकार अब युवाओं को शादी और बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है. इसके लिए सरकार ने परिवारों को सब्सिडी देने और बच्चों के पालन-पोषण के लिए आर्थिक मदद करने की शुरुआत की है. चीन बच्चों के जन्म के दौरान होने वाले मेडिकल खर्च को कम करने का भी प्रयास कर रहा है. (dw.com/hi)


