अंतरराष्ट्रीय

जर्मनी की शीर्ष बैंकों में से एक में होगी छंटनी, इतालवी बैंक से अधिग्रहण का खतरा
08-May-2026 5:59 PM
जर्मनी की शीर्ष बैंकों में से एक में होगी छंटनी, इतालवी बैंक से अधिग्रहण का खतरा

जर्मनी की शीर्ष बैंकों में से एक कॉमैर्त्स बैंक ने शुक्रवार, 8 मई को कहा कि वह 2030 तक पूरे ग्रुप में करीब 3,000 और पूर्णकालिक नौकरियां खत्म करने की योजना बना रही है. दुनिया भर में, कॉमैर्त्स बैंक में 2025 के अंत तक 39,867 फुल-टाइम कर्मचारी काम कर रहे थे. प्रबंधन के तहत संपत्तियों के मामले में जर्मनी की शीर्ष तीन बैंकों में शामिल कॉमैर्त्स बैंक ने कहा है ये कटौतियां पहले से घोषित बचत उपायों के अतिरिक्त होंगी. हालांकि, आर्थिक वृद्धि और भविष्य की बैंकिंग से जुड़े कामों में नई नौकरियां भी पैदा की जाएंगी. 

इसके अलावा, कॉमैर्त्स बैंक ने 2026 की पहली तिमाही के उम्मीद से बेहतर नतीजे घोषित किए हैं. बैंक ने करीब 1.36 अरब यूरो का ऑपरेटिंग मुनाफा दर्ज किया है. ये नतीजे पिछले साल के मुकाबले लगभग 10 फीसदी ज्यादा और विश्लेषकों की उम्मीदों से ऊपर हैं.

कॉमैर्त्स बैंक, फिलहाल इटली के यूनीक्रेडिट की ओर से अधिग्रहण की कोशिशों का सामना कर रही है. यूनीक्रेडिट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) आंद्रेया ओरसेल ने हाल ही में कॉमैर्त्स बैंक के पिछले कई वर्षों के प्रदर्शन की आलोचना की है, जिसे वह औसत से कम बताते रहे हैं. यूनीक्रेडिट ने 2026 की पहली तिमाही में 3.2 अरब यूरो का रिकॉर्ड तिमाही मुनाफा दर्ज किया है. हालिया खुलासों के मुताबिक, इस इतालवी बैंक के पास कॉमैर्त्स बैंक के लगभग 30 फीसदी शेयर हैं. और, यह आने वाले हफ्तों में शेयर स्वैप के जरिए अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की योजना बना रहा है. अगर अधिग्रहण होता है तो उस स्थिति में बैंक के पुनर्गठन की योजना भी तैयार की गई है.

कॉमैर्त्स बैंक का प्रंबंधन, कर्मचारी संघ और कर्मचारी, महीनों से आंद्रेया ओरसेल के रुख को "द्वेषपूर्ण" बताते हुए विरोध कर रहे हैं. जर्मन सरकार भी इस तरह के प्रतिकूल अधिग्रहण का विरोध कर रही है. जर्मन सरकार ने 2008-09 के वित्तीय संकट के दौरान अरबों यूरो की मदद देकर कॉमैर्त्स बैंक को बचाया था. सरकार के पास अब भी इस बैंक में लगभग 12 फीसदी की हिस्सेदारी है. (dw.com/hi)

 

 

 


अन्य पोस्ट