अंतरराष्ट्रीय

यूक्रेन ने रूस के सहयोगियों को 'विक्ट्री डे परेड' में जाने के खिलाफ चेताया
08-May-2026 5:57 PM
यूक्रेन ने रूस के सहयोगियों को 'विक्ट्री डे परेड' में जाने के खिलाफ चेताया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने गुरुवार को रूस के सहयोगियों को उसकी 9 मई की विजय परेड (विक्ट्री डे परेड) में शामिल होने के खिलाफ चेतावनी दी है. इस कार्यक्रम से पहले मॉस्को और कीव ने एक-दूसरे पर हमलों के आरोप लगाए हैं और एकतरफा युद्धविराम की घोषणाओं का पालन ना करने की बात कही है. रूस ने अपनी तरफ से 8 से 10 मई तक युद्धविराम की घोषणा की थी औरयूक्रेन ने जवाबी युद्धविराम की बात कही, जो 6 मई से लागू होना था. लेकिन जेलेंस्की ने कहा कि मॉस्को ने सद्भावना के इस कदम की अनदेखी की और हमले किए.

जेलेंस्की ने कहा, "वे यूक्रेन से अपनी परेड आयोजित करने का परमिट चाहते हैं, ताकि वे साल में एक बार एक घंटे के लिए चौक पर सुरक्षित जा सकें और फिर हत्याएं करना जारी रख सकें." 9 मई की परेड नाजी जर्मनी के खिलाफ रूस की जीत के जश्न के तौर पर मनाई जाती है. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए यह साल के सबसे अहम कार्यक्रमों में से एक है. कीव में एक वीडियो संबोधन में जेलेंस्की ने कहा, "हमें रूस के करीबी कुछ देशों से संदेश भी मिले हैं, जिनमें कहा गया है कि उनके प्रतिनिधि मॉस्को में रहने की योजना बना रहे हैं." उन्होंने आगे कहा, यह "एक अजीब इच्छा है.. इन दिनों में. हम इसकी सलाह नहीं देते."

रूसी प्रशासन का कहना है कि संभावित यूक्रेनी हमलों को लेकर उनकी चिंताएं हैं. हाल के महीनों में कीव ने अपनी लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइल क्षमताओं का विस्तार किया है. रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने गुरुवार, 7 मई को कहा कि "काफी जटिल परिचालन स्थिति" के कारण अतिरिक्त सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं. रूस के सरकारी मीडिया ने यह बताया है कि 9 मई को रूसी राजधानी में मोबाइल इंटरनेट और टेक्स्ट मैसेजिंग सेवाएं बंद कर दी जाएंगी. साथ ही, पिछले लगभग दो दशकों में पहली बार, परेड में टैंक, मिसाइल और अन्य सैन्य उपकरण शामिल नहीं होंगे. इस कदम के पीछे रूसी अधिकारियों ने मौजूदा सैन्य परिस्थितियों का हवाला दिया है.  (dw.com/hi)

 

 

 


अन्य पोस्ट