अंतरराष्ट्रीय
ईरान ने कहा है कि युद्ध ख़त्म होने और अमेरिकी नाकाबंदी हटाने से ही होर्मुज़ स्ट्रेट से जुड़ी समस्या सुलझ सकती है.
ईरान ने संयुक्त राष्ट्र में एक अमेरिकी मसौदे का भी विरोध किया. ईरानी राजदूत अमीर सईद इरवानी ने कहा कि अमेरिका संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में ‘फ़्रीडम ऑफ़ नेविगेशन’ नाम का एक ग़लत और राजनीतिक मक़सद वाला मसौदा पेश कर रहा है.
दरअसल, बहरीन के संयुक्त राष्ट्र प्रतिनिधि ने इस मसौदे के बारे में जानकारी दी थी. उन्होंने बताया था, "ये मसौदा ईरान से मांग करता है कि वह तुरंत सभी हमले रोके और व्यापारिक जहाज़ों को धमकी देना बंद करे. मसौदे में माइन्स बिछाने और ग़ैरक़ानूनी शुल्क वसूली के मुद्दे भी शामिल हैं. इसमें इन्हें अस्वीकार्य बताया गया है."
इस पर इरवानी ने कहा, "ईरान देशों से अपील करता है कि वे दबाव में आकर नहीं बल्कि तर्क, न्याय और सिद्धांतों के आधार पर काम करें. इस मसौदे को ख़ारिज करें और इसका समर्थन न करें."
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव और सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को पत्र लिखकर इसे "एकतरफ़ा और भड़काऊ मसौदा" बताया. (bbc.com/hindi)


