अंतरराष्ट्रीय

चीन के दो पूर्व रक्षा मंत्रियों को भ्रष्टाचार के मामले में मृत्युदंड
07-May-2026 8:25 PM
चीन के दो पूर्व रक्षा मंत्रियों को भ्रष्टाचार के मामले में मृत्युदंड

बीजिंग, 7 मई। चीन के दो पूर्व रक्षा मंत्रियों वी फेंघे और ली शांगफू को बृहस्पतिवार को भ्रष्टाचार के आरोपों में दो साल की राहत के साथ मौत की सजा सुनाई गई। आधिकारिक मीडिया ने यह जानकारी दी।

सरकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार चीन की सैन्य अदालत ने उन्हें अलग-अलग सजा दी।

एजेंसी ने अदालत के फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि फेंघे को रिश्वत लेने के मामले में दोषी ठहराया गया, वहीं शांगफू को रिश्वत लेने और देने दोनों के मामले में गुनहगार करार दिया गया।

फेंघे और उनके बाद रक्षा मंत्री बने शांगफू को 2024 में सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। दोनों ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग के तहत काम किया था। वे चिनफिंग की अध्यक्षता वाले केंद्रीय सैन्य आयोग के सदस्य भी रहे।

वी फेंघे जहां 2018 से 2023 तक रक्षा मंत्री रहे, वहीं शांगफू ने उनके उत्तराधिकारी के रूप में कुछ ही महीने यह प्रभार संभाला।

चीन के एयरोस्पेस इंजीनियर फेंघे और शांगफू दोनों ने 2015 में स्थापित पीपल्स लिबरेशन आर्मी की अति महत्वपूर्ण रॉकेट (मिसाइल) फोर्स का नेतृत्व किया था।

फेंघे को रक्षा मंत्री पद के लिए शी चिनफिंग ने स्वयं चुना था। उन्हें निष्कासित किए जाने के बाद कई शीर्ष अधिकारियों को पद से हटाया गया और उन पर भ्रष्टाचार के आरोप दर्ज किए गए।

राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने 2012 में सत्ता में आने के बाद से भ्रष्टाचार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है जिसमें कई सैन्य जनरल समेत दस लाख से अधिक अधिकारियों को सजा सुनाई जा चुकी है। (भाषा)


अन्य पोस्ट