अंतरराष्ट्रीय

फ्रांस में अब यूनिवर्सिटी स्टूडेंटों को एक यूरो में मिलेगा भरपेट खाना
06-May-2026 10:32 AM
फ्रांस में अब यूनिवर्सिटी स्टूडेंटों को एक यूरो में मिलेगा भरपेट खाना

फ्रांस के विश्वविद्यालयों में सोमवार, 5 मई से सभी छात्र-छात्राओं को एक यूरो (करीब 110 रुपये) में खाना मिलना शुरू हो गया है. यह कदम छात्रों की आर्थिक तंगी को दूर करने के लिए उठाया गया है. यह फैसला छात्र संगठनों के उस दबाव के बाद लिया गया है, जिसमें तीन-कोर्स खाने (स्टार्टर, मेन कोर्स और मिष्ठान) के लिए एक यूरो के रेट वाली स्कीम को सभी छात्रों तक बढ़ाने की मांग की गई थी. 

आमतौर पर खाने की कीमत 3.30 यूरो होती है. एक यूरो की स्कीम पहले सिर्फ कम आमदनी वाले या वित्तीय सहायता पाने वाले छात्रों तक ही सीमित थी. फ्रांस में एक छात्र संघ संगठन ने जनवरी में किए गए सर्वे में पाया  कि 48 प्रतिशत छात्र पैसों की कमी की वजह से बिना खाने के रहे हैं और 23 प्रतिशत महीने में कई बार ऐसा करते हैं.

यूनिवर्सिटी रेस्टोरेंट संचालक 'क्रूस' के मुताबिक, 2024 में लगभग साढ़े छह लाख से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने एक-यूरो वाली लंच स्कीम का फायदा उठाया, जो पिछले साल के मुकाबले 5.3 प्रतिशत की बढ़ोतरी है. देश के उच्च शिक्षा मंत्री फिलिप बाप्टिस्ट ने इस योजना को सहारा देने के लिए 2027 में 120 मिलियन यूरो देने का वादा किया है. प्रशासन मांग में बढ़ोतरी की तैयारी कर रहा है ताकि खाने की कमी ना हो और गुणवत्ता भी ना गिरे.  (dw.com/hi)

 

 

 


अन्य पोस्ट