अंतरराष्ट्रीय

डिनर पार्टी में गोलीबारी: ट्रंप की सुरक्षा से जुड़ी अब तक कितनी घटनाएं हुई हैं?
26-Apr-2026 8:36 PM
डिनर पार्टी में गोलीबारी: ट्रंप की सुरक्षा से जुड़ी अब तक कितनी घटनाएं हुई हैं?

-नबिहा अहमद

यह पहली बार नहीं है जब डोनाल्ड ट्रंप किसी गोलीबारी की घटना वाली जगह पर मौजूद रहे हैं.

व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में हुई गोलीबारी की घटना के बाद, एक पत्रकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति से पूछा, “आपको क्या लगता है कि आपके साथ बार-बार ऐसा क्यों होता है?”

हुए ट्रंप ने इसके जवाब में कहा, "जो लोग सबसे प्रभावशाली होते हैं, उन्हीं को निशाना बनाया जाता है. ऐसे लोग (हमलावर) उनके पीछे नहीं पड़ते जो कुछ ख़ास नहीं होते."

पिछले कुछ सालों में ट्रंप की सुरक्षा से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं.

जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया के बटलर में एक चुनावी रैली के दौरान उनके दाहिने कान में गोली लगी थी. जब सुरक्षाकर्मी उन्हें मंच से हटाकर सुरक्षित जगह ले जा रहे थे, तब वह "फ़ाइट, फ़ाइट, फ़ाइट" की आवाज़ लगा रहे थे.”

इस घटना में भीड़ में मौजूद एक शख़्स की मौत हो गई थी.

इसके कुछ महीनों बाद ही सितंबर 2024 में फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में उनके गोल्फ़ क्लब की झाड़ियों में एक संदिग्ध बंदूकधारी छिपा हुआ पाया गया. ट्रंप ने ख़ुद बताया कि वह "सुरक्षित और ठीक" हैं.

ट्रंप की सुरक्षा से जुड़ी सबसे ताज़ा घटना फ़रवरी 2026 में हुई थी. ट्रंप के मार-ए-लागो आवास की सुरक्षित सीमा में घुसने के बाद, एक हथियारबंद व्यक्ति को गोली मारी गई थी. उस समय राष्ट्रपति ट्रंप वॉशिंगटन डीसी में मौजूद थे.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक होटल में व्हाइट हाउस के पत्रकारों के साथ शनिवार रात साढ़े आठ बजे (अमेरिकी समयानुसार) डिनर (कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर) कर रहे थे, तभी गोली चलने की आवाज़ें आईं. इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को उनके सुरक्षाकर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट