अंतरराष्ट्रीय

भारत पर विवादित टिप्पणी का मामला, इस अमेरिकी सांसद ने की ट्रंप की आलोचना
24-Apr-2026 11:51 AM
भारत पर विवादित टिप्पणी का मामला, इस अमेरिकी सांसद ने की ट्रंप की आलोचना

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर जिस आपत्तिजनक टिप्पणी को सोशल मीडिया पर शेयर किया है उसकी अमेरिका में आलोचना हो रही है.

डेमोक्रेट सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने इसे 'ट्रंप के पद की गरिमा के ख़िलाफ़' बताया है.

राजा कृष्णमूर्ति भारतीय मूल के हैं और वह अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी के सांसद हैं.

उन्होंने एक्स पर लिखा, "डोनाल्ड ट्रंप का भारत और प्रवासियों पर नस्लवादी टिप्पणी को बढ़ावा देने का फ़ैसला निंदनीय है और उनके पद की गरिमा के ख़िलाफ़ है."

"उनकी भाषा सिर्फ़ लाखों भारतीय मूल के अमेरिकियों और हमारे सबसे अहम वैश्विक साझेदारों में से एक का अपमान नहीं करती, बल्कि यह उन मूल्यों को भी कमज़ोर करती हैं जिन्होंने अमेरिका को अवसर और इनोवेशन का देश बनाया है."

राजा कृष्णमूर्ति का कहना है कि अमेरिका को भारत के साथ साझेदारी को मजबूत करना चाहिए और अपनी विविधता का सम्मान करना चाहिए, न कि 'राजनीतिक फ़ायदे के लिए' विभाजन को बढ़ावा देना चाहिए.

ट्रंप ने रूढ़िवादी लेखक और रेडियो होस्ट माइकल सैवेज की एक विवादित टिप्पणी को शेयर किया था जिसमें उन्होंने भारत को 'धरती का नरक' बताया था.

भारत में इस बयान की कड़ी आलोचना हो रही है. गुरुवार देर शाम भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी इस पर एक बयान जारी किया है.

उन्होंने कहा, "ये टिप्पणियाँ स्पष्ट रूप से बिना जानकारी के और अनुचित हैं. ये निश्चित रूप से भारत-अमेरिका संबंधों की असलियत को नहीं दर्शातीं, जो लंबे समय से आपसी सम्मान और साझा हितों पर आधारित रहे हैं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट