अंतरराष्ट्रीय

जर्मनी ने भारत के साथ जल्द पनडुब्बी समझौता होने की उम्मीद जताई
23-Apr-2026 12:17 PM
जर्मनी ने भारत के साथ जल्द पनडुब्बी समझौता होने की उम्मीद जताई

जर्मनी के रक्षा मंत्री बोरिस पिस्टोरियस ने भारत के साथ जल्द ही पनडुब्बी समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद जताई है. न्यूज एजेंसी डीपीए के मुताबिक, भारत जर्मन कंपनी टीकेएमएस के साथ मिलकर मुंबई में छह पनडुब्बी बनाने की योजना बना रहा है. इन पनडुब्बियों की लागत करीब आठ अरब यूरो होगी. 

पिस्टोरियस ने इस समझौते के बारे में कहा कि दोनों देश इस डील को संभव बनाने के लिए घरेलू स्तर पर काम कर रहे हैं. उन्होंने आगे कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि हम जल्द ही इस समझौते पर हस्ताक्षर कर लेंगे." उन्होंने उम्मीद जताई कि ऐसा अगले तीन महीनों के भीतर हो सकता है. 

यह बयान तब आया है जब भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जर्मनी के दौरे पर हैं और बुधवार, 22 अप्रैल को उन्होंने पिस्टोरियस के साथ टीकेएमएस के प्लांट का दौरा किया. इस दौरान दोनों नेताओं ने क्लास 212ए सबमरीन का निरीक्षण किया. पिस्टोरियस ने भरोसा जताया है कि इस समझौते पर हस्ताक्षर होने से दोनों देशों के बीच सैन्य उद्योग साझेदारी अगले स्तर पर पहुंच जाएगी. 

दोनों नेताओं ने बुधवार को रक्षा उद्योग में सहयोग को गहरा करने और रक्षा क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 10 सूत्री योजना पर भी हस्ताक्षर किए. पिस्टोरियस से मुलाकात के बाद राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया, “हमने रक्षा सहयोग को गहरा करने और उभरती भू-राजनीतिक चुनौतियों से निपटने सहित कई मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया.”  (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट