अंतरराष्ट्रीय
जर्मनी में घर से काम करने का चलन यूरोप के कई देशों के मुकाबले ज्यादा है. बुधवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, पिछले साल करीब 25 फीसदी कामकाजी लोग कम से कम कुछ समय के लिए घर से काम कर रहे थे. यह पिछले दो सालों के मुकाबले हल्की बढ़ोतरी है. 2024 में यह आंकड़ा 24 फीसदी और 2023 में 23 फीसदी था. अगर कोविड महामारी से पहले 2019 की बात करें, तो उस समय सिर्फ 13 फीसदी लोग ही कभी-कभार या नियमित रूप से घर से काम करते थे.
यूरोपीय संघ के औसत से भी जर्मनी थोड़ा आगे है, जहां कुल 23 फीसदी कामकाजी लोग घर से काम करते हैं. वहीं नीदरलैंड्स इस मामले में सबसे आगे है, जहां 52 फीसदी लोग वर्क फ्रॉम होम करते हैं. दूसरी तरफ रोमानिया और बुल्गारिया में यह आंकड़ा सबसे कम, सिर्फ 4 फीसदी है. जर्मनी में यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि व्यक्ति किस सेक्टर में काम करता है. आईटी सेवाएं, प्रशासन और मैनेजमेंट कंसल्टेंसी जैसे क्षेत्रों में लगभग 75 फीसदी लोग घर से काम कर रहे हैं.
आंकड़ों के अनुसार, घर से काम करना खासकर उन लोगों में ज्यादा लोकप्रिय है जो काम के साथ परिवार की जिम्मेदारियां भी संभालते हैं. 2025 में 35 से 44 साल के लोगों में इसका प्रतिशत सबसे ज्यादा, 30 फीसदी रहा, जबकि 25 से 34 साल के लोगों में यह 28 फीसदी थे. यह ट्रेंड दिखाता है कि काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन बनाने के लिए लोग वर्क फ्रॉम होम को ज्यादा अपनाने लगे हैं. (dw.com/hi)


