अंतरराष्ट्रीय

ट्रंप ने जिन आठ महिलाओं को रिहा करने की अपील की थी उनके बारे में ईरान क्या बोला
22-Apr-2026 11:56 AM
ट्रंप ने जिन आठ महिलाओं को रिहा करने की अपील की थी उनके बारे में ईरान क्या बोला

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आठ ईरानी महिलाओं को ''ईरान की क़ैद से रिहा'' करने की मांग की थी. अब ईरान की न्यायपालिका ने उन रिपोर्ट्स को ख़ारिज किया है, जिनमें इन्हें जल्द फ़ांसी देने का दावा किया जा रहा था.

ईरान ने ऐसी ख़बरों को ‘दुश्मन मीडिया’ की फैलाई जा रही फ़ेक न्यूज़ क़रार दिया है.

दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट को शेयर करते हुए ईरानी अधिकारियों से मांग की थी कि इन महिलाओं को जल्द रिहा किया जाए.

इस पोस्ट में इन महिलाओं की तस्वीरों के साथ लिखा गया था, "ईरान इन्हें जल्द सज़ा-ए-मौत देने की तैयारी कर रहा है." साथ ही पोस्ट में मानवाधिकार संगठनों की इस मामले में चुप्पी पर हैरानी जताई गई थी.

ईरान में न्यायपालिका से जुड़े मामले रिपोर्ट करने वाली संस्था मिज़ान न्यूज़ ने कहा, "इन महिलाओं के मामलों की सावधानी से समीक्षा करने पर पता चला कि उनमें से कुछ पहले ही रिहा हो चुकी हैं."

आगे कहा गया, "जबकि बाकी पर ऐसे आरोप हैं, जो अदालत में साबित होने पर भी उन्हें क़ैद होगी, फ़ांसी नहीं. किसी भी महिला को अब तक ऐसी सज़ा नहीं सुनाई गई है, जिससे उन्हें फ़ांसी का ख़तरा हो. ट्रंप एक बार फिर ‘फ़ेक न्यूज़’ के झांसे में आ गए." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट