अंतरराष्ट्रीय
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि भारत होर्मुज़ स्ट्रेट से अपने जहाज़ों की सुरक्षित वापसी के लिए ईरान और अन्य देशों के साथ संपर्क में है.
रणधीर जायसवाल ने कहा, "हम ईरान और अन्य देशों के संपर्क में हैं, ताकि होर्मुज़ स्ट्रेट से हमारे जहाज़ों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित हो सके."
उन्होंने शनिवार को भारतीय जहाज़ों पर हुई गोलीबारी के बारे में कहा, "गोलीबारी की घटना की जानकारी मिलते ही हमने इस मामले को पूरी मज़बूती से उठाया. हमने ईरानी राजदूत को बुलाया और विदेश सचिव के साथ एक बैठक की."
उन्होंने कहा, "विदेश सचिव ने इस घटना पर भारत की गहरी चिंता व्यक्त की और इस बात को दोहराया कि हम अपने नाविकों की सुरक्षा को बहुत अधिक महत्व देते हैं, और यह भी कि उनका आवागमन बिना किसी रुकावट के होना चाहिए. ईरान के राजदूत ने कहा कि वे इस बात को अपने देश के संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा देंगे."
रणधीर जायसवाल के मुताबिक़ भारत अपने जहाज़ों की सुरक्षा के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है.
शनिवार को जब होर्मुज़ स्ट्रेट को दोबारा खोला जा रहा था तो उसी दौरान भारतीय झंडे वाले दो जहाज़, कार्गो शिप जग अर्नव और तेल टैंकर सनमार हेराल्ड को ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने अपने तय मार्ग से हटने के आदेश दिए थे.
आईआरजीसी नौसेना ने होर्मुज़ स्ट्रेट के पश्चिम में सफ़र के दौरान दो भारतीय जहाज़ों को होर्मुज़ स्ट्रेट से पीछे हटने के लिए मजबूर किया था. इस दौरान भारतीय जहाज़ों पर गोलीबारी भी हुई. (bbc.com/hindi)


