अंतरराष्ट्रीय
ईरानी नागरिक उड्डयन संगठन ने देश के मशहद हवाई अड्डे से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करने की अनुमति देने की घोषणा की है.
संगठन की घोषणा के अनुसार, इस हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सोमवार से दोबारा शुरू हो जाएंगी और लोग मशहद आने-जाने वाली विदेशी यात्राओं के लिए टिकट ख़रीद सकेंगे.
नागरिक उड्डयन संगठन ने यह भी कहा कि घरेलू उड़ान टिकटों की बिक्री के लिए कोई लाइसेंस जारी नहीं किया गया है.
संगठन ने शनिवार को बताया कि ईरान के हवाई क्षेत्र का एक हिस्सा और कई एयरपोर्ट फिर से चालू कर दिए गए हैं और देश के पूर्वी हिस्से में हवाई मार्ग अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए खोल दिए गए हैं.
ईरानी एयरलाइंस एसोसिएशन के सचिव मग़सूद असदी समानी ने भी शनिवार को कहा कि तेहरान में इमाम खुमैनी और मेहराबाद हवाई अड्डों के साथ ही मशहद, बिरजंद, गोरगन और जाहेदान के हवाई अड्डे फिर से खुल गए हैं.
उन्होंने कहा कि एयरलाइंस घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित करने की तैयारी कर रही हैं.
इसराइल और अमेरिका के हमलों के बाद से ईरान का हवाई क्षेत्र पूरी तरह से बंद कर दिया गया था. युद्ध के दौरान इसराइल और अमेरिका ने कई ईरानी हवाई अड्डों को भी निशाना बनाया. (bbc.com/hindi)


