अंतरराष्ट्रीय

शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण से जुड़े सवाल पर भारतीय विदेश मंत्रालय क्या बोला
18-Apr-2026 11:08 AM
शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण से जुड़े सवाल पर भारतीय विदेश मंत्रालय क्या बोला

भारतीय विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण से जुड़े सवाल पर प्रतिक्रिया दी है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को साप्ताहिक प्रेस वार्ता में कहा कि भारत सरकार इससे जुड़े 'एक अनुरोध पर विचार कर रही' है.

रणधीर जायसवाल ने कहा, "एक अनुरोध पर विचार किया जा रहा है. यह जारी न्यायिक और आंतरिक क़ानूनी प्रक्रियाओं का हिस्सा है. हम इस मुद्दे पर सभी पक्षों के साथ सार्थक बातचीत जारी रखेंगे. हम सभी घटनाक्रमों पर बहुत क़रीब से नज़र रख रहे हैं."

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बांग्लादेश के विदेश मंत्री की हाल में हुई भारत यात्रा का ज़िक्र किया और भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के बयानों पर ज़ोर दिया.

उन्होंने कहा, "मैं यह भी कहना चाहूंगा कि विदेश मंत्री ने बांग्लादेश की नई सरकार के साथ सार्थक मेलजोल बढ़ाने और साझेदारी को और मज़बूत करने की भारत की इच्छा दोहराई है."

"दोनों पक्षों ने साझेदारी को बढ़ाने के प्रस्तावों पर विचार करने पर सहमति जताई है. दोनों पक्षों के साझा हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत के लिए आधिकारिक बैठकें जल्द होने की उम्मीद है."

साल 2024 में बांग्लादेश में हुए सरकार विरोधी व्यापक प्रदर्शनों के बाद अगस्त महीने में शेख़ हसीना को अपनी सरकार गंवानी पड़ी थी और तब से वह भारत में रह रही हैं.

इसके बाद की अंतरिम सरकार ने भी भारत से शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण की मांग की थी. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट