अंतरराष्ट्रीय

डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर दी यह अहम जानकारी, पाकिस्तान पर भी बोले
18-Apr-2026 10:09 AM
डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज़ स्ट्रेट को लेकर दी यह अहम जानकारी, पाकिस्तान पर भी बोले

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की ओर से होर्मुज़ स्ट्रेट को खोलने की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर एक के बाद एक, कई पोस्ट कर अहम बातें कही हैं.

ट्रंप ने ट्रुथ सोशल में अपनी पोस्ट में ईरान से तनाव के दौरान अमेरिका का सहयोग करने वाले देशों का धन्यवाद दिया है, साथ ही अन्य देशों और संगठनों पर निशाना भी साधा.

हम आपको बताते हैं अमेरिकी राष्ट्रपति ने क्या कुछ कहा:

सबसे पहले तो ट्रंप ने ईरान के होर्मुज़ स्ट्रेट खोलने के एलान के बाद ईरान का धन्यवाद किया. हालांकि इसकी अगली पोस्ट में उन्होंने कहा कि जब तक ईरान समझौता नहीं कर लेता, उसके लिए 'नौसैनिक नाकाबंदी जारी रहेगी'.

इसके बाद ट्रंप ने एक अन्य पोस्ट में नेटो पर निशाना साधा और उसे 'काग़ज़ी शेर' कहा. उन्होंने कहा, "अब जब होर्मुज़ स्ट्रेट से जुड़ा मामला ख़त्म हो गया है, मुझे नेटो की ओर से फ़ोन आया और मदद के लिए पूछा गया. मैंने उन्हें कहा कि दूर रहें, जब तक कि वे अपने जहाज़ों में तेल नहीं भरना चाहते हों. जब उनकी ज़रूरत थी तब वे बेकार साबित हुए, काग़ज़ी शेर."

ट्रंप ने इसकी अगली पोस्ट में सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और क़तर को उनकी 'बहादुरी और मदद' के लिए धन्यवाद किया. मध्य-पूर्व संघर्ष के दौरान ईरान ने इन देशों पर हमला किया था.

इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक अन्य पोस्ट में बताया कि ईरान, अमेरिका की मदद से समंदर में मौजूद 'सभी बारूदी सुरंगों को हटा चुका है या हटा रहा है'.

ट्रंप ने एक अलग पोस्ट में पाकिस्तान और प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ और फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर का धन्यवाद किया. साथ ही पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और फ़ील्ड मार्शल को 'महान' और 'बेहतरीन' बताया.

इसके बाद ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान 'होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर कभी न बंद करने पर सहमत हुआ' है. उन्होंने कहा, "इसे अब दुनिया के ख़िलाफ़ हथियार के तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जाएगा." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट