अंतरराष्ट्रीय
इमेज कैप्शन,ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाक़र क़ालिबाफ़ अमेरिका से बातचीत के लिए पाकिस्तान भी गए थे (फ़ाइल फ़ोटो)
ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाक़र क़ालिबाफ़ ने कहा है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक घंटे में सात दावे किए और सभी सातों झूठे हैं.
मोहम्मद बाक़र क़ालिबाफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "अगर ईरानी बंदरगाहों पर अमेरिकी नाकेबंदी जारी रही तो होर्मुज़ स्ट्रेट खुला नहीं रहेगा."
यह बात उन्होंने ट्रंप के उस बयान के जवाब में कही जिसमें ट्रंप ने कहा था कि शांति समझौते तक ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी रहेगी.
क़ालिबाफ़ ने लिखा, "होर्मुज़ स्ट्रेट खुला है या बंद है और उसके नियम क्या होंगे, यह ज़मीन पर हालात तय करेंगे, सोशल मीडिया नहीं. होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रना तय किए गए रास्ते और ईरान की अनुमति के आधार पर होगा."
क़ालिबाफ़ ने कहा कि झूठ से जंग नहीं जीती जाती और बातचीत भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंचती है.
गौरतलब है कि ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाक़र क़ालिबाफ़ उस प्रतिनिधिमंडल का भी हिस्सा थे, जो अमेरिका से बातचीत के लिए इस्लामाबाद पहुंचा था. (bbc.com/hindi)


