अंतरराष्ट्रीय
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने 'अमेरिकी लोगों' को संबोधित करते हुए एक पत्र लिखा है. इस पत्र को उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया पर साझा किया.
ईरानी राष्ट्रपति ने अपने पत्र में कहा कि ईरान ने "कभी कोई युद्ध शुरू नहीं किया". उन्होंने कहा कि उनका देश लंबे समय से "क़ब्ज़े और हमले" का सामना कर रहा है.
यह पत्र उस दावे के कुछ घंटों बाद सामने आया है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि "ईरान के नए शासन के राष्ट्रपति" ने अमेरिका से युद्धविराम की मांग की है. हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किसकी बात कर रहे थे.
सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका युद्धविराम पर तभी विचार करेगा "जब होर्मुज़ स्ट्रेल खुला, स्वतंत्र और सुरक्षित होगा. तब तक हम ईरान को पूरी तरह तबाह कर देंगे या जैसा कहा जाता है, उसे वापस पाषाण युग में भेज देंगे!!!"
लेकिन पेज़ेश्कियान ने अपने पत्र में युद्धविराम का कोई ज़िक्र नहीं किया.
उन्होंने लिखा कि ईरानी लोगों की अमेरिका, यूरोप या पड़ोसी देशों के लोगों के प्रति कोई दुर्भावना नहीं है. अंत में उन्होंने कहा कि "टकराव और संवाद" के बीच लिया गया फ़ैसला आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को तय करेगा. (bbc.com/hindi)


